एकांत श्रीवास्तव की दो कवितायें

प्रस्तुतकर्ता अशोक कुमार पाण्डेय | लेबल: , | Posted On 23-7-10 at 10:14 pm

यहां पढ़ें कवि और कविता पर एकांत श्रीवास्तव का वक्तव्य

अनाम चिड़िया के नाम 


गंगा इमली की पत्तियों में छुपकर
एक चिड़िया मुँह अँधेरे
बोलती है बहुत मीठी आवाज़ में
न जाने क्या
न जाने किससे
और बरसता है पानी

आधी नींद में खाट-बिस्तर समेटकर
घरों के भीतर भागते हैं लोग
कुछ झुँझलाए, कुछ प्रसन्न

घटाटोप अंधकार में चमकती है बिजली
मूसलधार बरसता है पानी
सजल हो जाती हैं खेत
तृप्त हो जाती हैं पुरखों की आत्माएँ
टूटने से बच जाता है मन का मेरुदंड

कहती है मंगतिन
इसी चिड़िया का आवाज़ से
आते हैं मेघ
सुदूर समुद्रों से उठकर

ओ चिड़िया
तुम बोले बारम्बार गाँव में
घर में, घाट में, वन में
पत्थर हो चुके आदमी के मन में ।

दु:ख

दु:ख जब तक हृदय में था
था बर्फ़ की तरह
पिघला तो उमड़ा आँसू बनकर
गिरा तो जल की तरह मिट्टी में
रिस गया भीतर बीज तक
बीज से फूल तक
यह जो फूल खिला है टहनी पर
इसे देखकर क्या तुम कह सकते हो
कि इसके जन्म का कारण
एक दु:ख था?

Comments:

There are 10 टिप्पणियाँ for एकांत श्रीवास्तव की दो कवितायें

एक टिप्पणी भेजें

ज़रूर बतायें कि कैसी लगी यह रचना।
निश्चिंत रहें यह अहो रूपं अहो स्वरं का खेल नहीं है।
आलोचनाओं का सदैव स्वागत है। हां भाषा की गरिमा का ख़्याल रखना ही चाहिये